मप्र के अनूपपुर में सड़क हादसे में आर्मी जवान सहित तीन लोगों की मौत, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो
अनूपपुर, 23 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे सेना के जवान और उसके सगे भाई समेत तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार तड़के तेज रफ्तार बोलेरो छूलहा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में मृतकों में बोलेरो का मालिक भी शामिल है। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास हुआ। बोलेरो की रफ्तार तेज होने के कारण वह सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत सेना में जवान था और अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। वहीं, घायल राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी, धनगवां का निवासी है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र पहुंचे। विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सेना में जवान था। वह दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होनी थी।
जयकरण ने बताया कि विनीत रात करीब 3 बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह घर लौटने के लिए निकला। उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी थे। छूलहा गांव के पास बोलेरो किस तरह ट्रक से टकराई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे फोन कर हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। परिवार की आजीविका का सहारा भी हादसे ने छीन लिया है। जयकरण लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था।
हादसे में जान गंवाने वाले तीसरे व्यक्ति मोहम्मद करीम (32) धनगवां के रहने वाले थे। वह बोलेरो के मालिक थे। उनका परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। करीम की जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान थी। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। उनकी शादी नहीं हुई थी। हादसे के समय उनके पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी का उपचार शुरू किया। हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी की जा रही है। अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू ने बताया कि जिस ट्रक से बोलेरो टकराई, उसका रिफ्लेक्टर बंद था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत