तीन दिन की बारिश से पहली बार पूरे वेग से बहा पवा झरना, सैलानियों में उत्साह

 


शिवपुरी, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बीते तीन दिनों से हो रही अच्छी बारिश का असर अब जलस्रोतों पर दिखाई देने लगा है। शिवपुरी तहसील क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से में हुई तेज बारिश के बाद इस मौसम में पहली बार प्रसिद्ध पवा झरना पूरे वेग के साथ बह निकला। झरने के बहने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे।

भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी तहसील के बेधारी, सालौदा, ख्यावदा और तिमानी गांवों में बुधवार सुबह 8 से 10 बजे के बीच करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। चारों गांवों से निकला पानी तेजी से बहते हुए पवा झरने तक पहुंचा। इसके बाद झरने में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया और करीब 100 फीट की ऊंचाई से पानी तेज धार के साथ नीचे गिरने लगा।

पवा झरना शिवपुरी जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कोलारस और पोहरी तहसील के बीच स्थित है। झरने का प्रवाह मुख्य रूप से शिवपुरी तहसील के पश्चिमी क्षेत्र में होने वाली बारिश पर निर्भर करता है। क्षेत्र में अच्छी बारिश होने पर ही झरना सक्रिय होता है।

इस मौसम में पहली बार झरना चलने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में सैलानी और स्थानीय लोग पवा पहुंच गए। लोगों ने झरने के तेज बहाव और प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरों में कैद किया। बच्चों और युवाओं में झरने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इधर, बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को भी राहत मिली है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश होने से खरीफ फसलों को फायदा होगा और खेतों में नमी बढ़ने से फसल की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।

प्रशासन ने पवा झरने पर पहुंचने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में झरने के करीब जाने तथा फिसलन वाले स्थानों पर खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा