आगरमालवाः विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों लोग हुए शामिल

 


आगरमालवा, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमनागरिकों सहित हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

नगर के छावनी झंडा चौक से प्रारंभ हुई विशाल तिरंगा यात्रा छावनी, रातड़िया तालाब, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा बाजार, हाटपुरा, सतीरोड़, माधवगंज जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए विजय स्तंभ द्वार पर पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर संक्षिप्त कार्यक्रम में विधायक मधु गहलोत एवं जनप्रतिनिधियों कलेक्टर एवं एसपी ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन अर्चन कर इस भव्य तिरंगा यात्रा का समापन किया। यात्रा के दौरान देशभक्ति पूर्ण गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

इस विशाल तिरंगा यात्रा में विधायक माधवसिंह मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरूसिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी, कर्मचारियों के साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं आमजनों ने कंधे से कंधा मिलाकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। यात्रा में शामिल सभी लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और एकता की भावना जागृत करना है वही पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने यात्रा को सफल बनाने में प्रशासन और आमजन के सहयोग की सराहना की।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा