अनूपपुर: रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं- राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद की सक्रियता की कलेक्टर ने की सराहना

 


अनूपपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। आपके द्वारा दान किया गया रक्त यदि किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा देता है, तो इससे अधिक सार्थक कार्य जीवन में और कोई नहीं हो सकता।

यह बात बुधवार को अनूपपुर नगर में आयोजित रक्तदान मोटिवेशनल कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने रक्तदान को महादान बताते हुए कही। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि समाज में जनजागरूकता फैलाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी युवा इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और रक्तदान शिविरों में सक्रिय रूप से हिस्सा लें।

कलेक्टर पंचोली ने कहा कि जब पत्रकार संगठन स्वयं सामाजिक दायित्व निभाते हुए आगे आते हैं, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आमजन भी ऐसे अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने एवं जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने यह भी कहा कि रक्तदान से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। जब सभी वर्ग और समाज के लोग एक साथ मिलकर रक्तदान करते हैं, तो यह सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनता है। रक्तदान के माध्यम से समाज को जोड़ा जा सकता है और जरूरतमंदों को नया जीवन दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान 40 रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। परिषद के सदस्य प्रकाश तिवारी एवं बृजेश राठौर को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे पत्रकार संगठन में उत्साह का वातावरण देखा गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. एस. आर. परस्ते, डॉ. एस. सी. राय, नगर परिषद जैतहरी के उपाध्यक्ष रवि राठौर सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।

रक्तदान अभियान में पत्रकारों की सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि मीडिया केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम ने समाज में सेवा, समर्पण और जनजागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला