इंदौर के जैन मंदिर में बड़ी चोरी, गर्भगृह से चोरों ने चुराई चांदी की मूर्तियां, 28 कलश समेत 10 लाख का माल
इंदौर, 04 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में स्थित ग्रेटर बाबा जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने सोमवार तड़के लाखों की चोरी को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर के सुरक्षा घेरे को धता बताते हुए भगवान की 5 बेशकीमती चांदी की मूर्तियां और अष्टधातु की प्रतिमाओं सहित करीब 10 लाख रुपए से अधिक का माल चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर बाबा जैन मंदिर में लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। फुटेज के अनुसार बदमाश रात ठीक 2:18 बजे मंदिर परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने करीब 42 मिनट तक मंदिर के अंदर रुककर इत्मीनान से कीमती सामान इकट्ठा किया और ठीक 3:00 बजे वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले मंदिर की रेकी की थी। एक आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुसा और गर्भगृह के शटर व दरवाजों के ताले तोड़ दिए।
क्या-क्या ले गए चोर?
जैन समाज के सदस्यों और श्रद्धालु अशोक जैन के अनुसार, चोरी गए सामान की सूची काफी लंबी है। बदमाशों ने गर्भगृह से 5 चांदी की प्राचीन मूर्तियां, अष्टधातु की दुर्लभ प्रतिमाएं, एक शिला, 28 कलश और 2 शांति धारा के पात्र चोरी कर लिए हैं।
चौकीदार बोला- 'मेरी नींद नहीं खुली'
मंदिर की सुरक्षा में तैनात राकेश त्रिवेदी ने बताया कि उसने रविवार रात 10:30 बजे मंदिर के पट बंद किए थे। सुबह 5 बजे जब एक महिला श्रद्धालु दर्शन करने पहुंची, तब उसे पता चला कि दरवाजे टूटे हुए हैं और मूर्तियां गायब हैं। चौकीदार का कहना है कि उसे पूरी रात कुछ भी सुनाई नहीं दिया। साल 1998 में बने इस भव्य मंदिर में हुई इस घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश है और उन्होंने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
चोरी का पुराने मामलों से जुड़ाव
एरोड्रम थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह का हुलिया उन्हीं बदमाशों से मिलता-जुलता है, जिन्होंने पिछले दिनों शहर के अन्य जैन मंदिरों में चोरियां की थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बाइक से आए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत