भोपाल में किसान के घर 50 लाख की चोरी का दावा, सुराग देने वाले को 1 लाख का इनाम, पुलिस ने जताया संदेह

 


भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सिकंदराबाद गांव में धार्मिक यात्रा पर गए एक किसान के सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। परिवार का दावा है कि चोर घर से 20 तोला से अधिक सोने के आभूषण, करीब आधा किलो चांदी और नौ गुल्लकों में जमा लगभग 9 लाख रुपए ले गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। किसान ने आरोपियों का सुराग देने या उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। हालांकि, पुलिस ने चोरी गई संपत्ति की मात्रा और घटनाक्रम पर संदेह जताया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सिकंदराबाद निवासी किसान फूल सिंह साहू 21 अक्टूबर को परिवार के साथ ओरछा दर्शन के लिए गए थे। घर पर ताला लगा था। 23 अक्टूबर की देर रात परिवार लौटा तो मकान में चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 24 अक्टूबर यानि आज (शनिवार काे) मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। परिवार के अनुसार, चोर घर से सोने का रानी हार, गले के दो हार, चार जोड़ी टॉप्स, पांचाली, सोने की चूड़ियां, तीन अंगूठियां, बिंदिया, मंगलसूत्र और सोने की चेन ले गए। इसके अलावा चांदी का करधौना और चेन भी चोरी होने की बात कही गई है। घर में रखी नकदी भी गायब मिली। परिवार ने आभूषणों और नकदी सहित कुल करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति चोरी होने का दावा किया है। किसान के मुताबिक, घर में नौ गुल्लक रखी थीं, जिनमें करीब नौ लाख रुपए जमा किए गए थे। ये रुपए भी चोरी हो गए। घटना के बाद परिवार ने आरोपियों की जानकारी देने या उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच

शनिवार को पुलिस एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास करीब आधा किलोमीटर के दायरे में तलाश की गई। पुलिस आसपास के लोगों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस बोली- जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चोरी गए सामान का विवरण जुटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संपत्ति की मात्रा और घटनाक्रम को लेकर कुछ संदेह हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गई संपत्ति की वास्तविक मात्रा और वारदात से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे