उज्जैन में विश्व हिंदू परिषद् 15 प्रखंडों में खोलेगा बाल संस्कार केंद्र

 


उज्जैन , 15 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद द्वारा 15 प्रखंडों में बाल संस्कार केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति, धर्म और वास्तविक इतिहास से जोडऩा है। स्कूली शिक्षा में छिपे इतिहास और संस्कृति से बच्चों को रूबरू कराया जाएगा। उन्हें आत्मरक्षा व नैतिक शिक्षा का ज्ञान दिया जाएगा।

यह जानकारी बुधवार को दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजक प्रियंका सिंह परमार ने दी। उन्होने बताया कि जिले के 15 प्रखंडों में गुरुकुल की तर्ज पर नि:शुल्क बाल संस्कार केंद्र काम करेंगेे। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति, धर्म और वास्तविक इतिहास से जोडऩा है। वर्तमान में स्कूलों में बच्चों को रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्या देवी, महाराणा प्रताप और भगत सिंह जैसे शूरवीरों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी जा रही है। स्कूलों में छिपाई जा रही इसी ऐतिहासिक जानकारी और संस्कारों को बच्चों तक पहुंचाने के लिए यह पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि संस्कारित बच्चे, समर्थ राष्ट्र की नींव के संकल्प के साथ विश्व हिंदू परिषद के मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी प्रकल्प द्वारा बुधवार को महानगर में एक दिवसीय बाल संस्कार अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। विहिप कार्यालय में आयोजित इस वर्ग में 34 बहनों ने हिस्सा लिया। इन बहनों को जिले के विभिन्न प्रखंडों और खंड स्तर पर नि:शुल्क बाल संस्कार केंद्र संचालित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

आत्मरक्षा और नैतिक मूल्यों का मिला ज्ञानअभ्यास वर्ग के दौरान बहनों को इन केंद्रों के कुशल संचालन के लिए वैचारिक और व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। उन्हें शस्त्र चलाने, आत्मरक्षा करने, देशभक्ति गीत, मानवीय संस्कार, नैतिक मूल्य और शारीरिक खेलों का प्रयोगात्मक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी बहनों को बाल संस्कार मार्गदर्शिका भेंट की गई, ताकि वे बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षित कर सके।

चार सत्रों में संपन्न हुआ प्रशिक्षणचार सत्रों में अभ्यास वर्ग के प्रथम सत्र का शुभारंभ मातृशक्ति विभाग संयोजक लता चौहान ने किया। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल संस्कार केंद्रों की आवश्यकता पर जोर दिया। द्वितीय सत्र में दीपांशी उपाध्याय और प्रखंड संयोजक वैष्णवी ने बहनों को संस्कार केंद्रों की आदर्श आचार पद्धति और देशभक्ति गीतों का अभ्यास कराया। तृतीय सत्र में दुर्गा वाहिनी जिला संयोजक प्रियंका परमार और जिला उपाध्यक्ष रितु कपूर के सान्निध्य में नैतिक मूल्यों और शारीरिक खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। चौथे और समापन सत्र के मुख्य अतिथि विहिप के प्रांत मंत्री विनोद शर्मा थे। आयोजन के दौरान जिला अध्यक्ष राजेश आंजना, जिला मंत्री यशवंत सिंह ठाकुर,अनुष्का और सह संयोजक चंदा माली उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल