सोयाबीन की हर बोरी पर मांगता था 10 रुपये, लोकायुक्त ने मंडी उप निरीक्षक और साथी कर्मचारी को 4 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
उज्जैन, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को माकड़ोन अनाज मंडी में कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक रोशन आर्य और उसके साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि मंडी उप निरीक्षक सोयाबीन की बोरियों के हिसाब से व्यापारी से रिश्वत मांग रहा था। लोकायुक्त की टीम ने मंडी परिसर में कार्रवाई कर रिश्वत की राशि बरामद की है।
लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के अनुसार, ग्राम रूपाखेड़ी, जिला उज्जैन निवासी और मंडी व्यापारी योगेश राठौर ने 14 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह माकड़ोन मंडी से सोयाबीन खरीदता है। इस दौरान मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य उससे प्रत्येक बोरी पर 10 रुपये की मांग करता था। रुपये नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी नहीं जाने देने की बात कही जाती थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि मंडी शुल्क देने के बावजूद उससे अलग से अवैध रकम मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने पर लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक ने मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने के बाद शुक्रवार, 16 अक्टूबर को ट्रैप की योजना बनाई गई। लोकायुक्त कार्यालय की 10 सदस्यीय टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
योजनानुसार, शिकायतकर्ता योगेश राठौर रिश्वत की 4 हजार रुपये की राशि लेकर माकड़ोन मंडी पहुंचा। जैसे ही उसने यह रकम मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य को दी, आर्य ने रुपये अपने साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को सौंप दिए। इसी दौरान पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।
लोकायुक्त के अनुसार, आरोपी रोशन आर्य पिता पूनमचंद आर्य निवासी ग्वालियर में मंडी उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है, जबकि संतोष भाटी पिता प्रहलाद भाटी निवासी माकड़ोन आउटसोर्स कर्मचारी है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक और दीपक सेजवार सहित प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक शिवकुमार शर्मा, श्याम शर्मा, इसरार खान और उमेश जाटव शामिल रहे। कार्रवाई में साक्षीगण सहित कुल 10 सदस्यीय टीम मौजूद थी।
हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज