महुआ बीन रहे ग्रामीण का थैला उठाकर जंगल में चला गया बाघ, वीडियो वायरल
उमरिया, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां महुआ बीन रहे एक ग्रामीण के पास अचानक बाघ पहुंच गया और महुआ से भरा उसका थैला मुंह में दबाकर जंगल की ओर चला गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र के बंदरचुई इलाके की है। ग्रामीण जंगल में पेड़ के नीचे महुआ बीनकर उसे थैले में भर रहा था। इसी दौरान उसे किसी वन्य जीव की आहट सुनाई दी, जिसके बाद वह सतर्क होकर थोड़ी दूरी पर खड़ा हो गया।
कुछ ही देर में झाड़ियों के बीच से एक बाघ बाहर निकला और पेड़ के नीचे आकर कुछ समय तक बैठा रहा। इसके बाद उसने महुआ से भरा थैला अपने मुंह में दबाया और जंगल की ओर चला गया। पूरी घटना के दौरान ग्रामीण दूर खड़ा होकर यह नजारा देखता रहा।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र बफर जोन में आता है, जहां पर्यटकों की आवाजाही भी बनी रहती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
पनपथा बफर क्षेत्र के रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गई है। साथ ही महुआ बीनने के लिए जंगल जाने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने और समूह में जाने की सलाह दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी