अनूपपुर: तीनों हाथी पहुचे मोजर बेयर प्लांट, बाउंड्री वॉल को तीन जगह से तोड़ा, वनकर्मियों ने युवक को बचाया
अनूपपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में तीन हाथियों का एक झुंड सोनमौहरी के जंगल से निकलकर अमगवां और गुवारी से होते हुए शनिवार को मोजर बेयर पावर प्लांट (हिंदुस्तान पावर कंपनी) परिसर में पहुंच गया। हाथियों के प्लांट में दाखिल होने की खबर मिलते ही मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) शहडोल एमपी सिंह ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
जैतहरी वन परिक्षेत्राधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि हाथियों का यह झुंड शुक्रवार को अनूपपुर वन परिक्षेत्र के सोनमौहरी जंगल में डेरा डाले हुए था। शाम होते ही वे जंगल से बाहर निकले और प्यारेलाल राठौर के खेत में केले, गन्ने व धान की फसल को नुकसान पहुंचाते हुए अमगवां पंचायत के इलाकों से गुजरे। देर रात हाथी अमगवां बाजार होते हुए मोजर बेयर पावर प्लांट परिसर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने प्लांट की बाउंड्री वॉल को तीन जगह से तोड़ दिया। रात में अमगवां गांव में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक 28 वर्षीयसौरभ उर्फ गोरखा हाथियों के बेहद करीब पहुंच गया था।
वन विभाग की गश्ती दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे हाथियों से महज 10 फीट की दूरी से खींचकर सुरक्षित बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं हाथियों के पहुंचने की खबर से अमगवां में ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई थी। भीड़ और शोर-शराबे को देखते हुए वन विभाग ने लोगों और हाथियों दोनों की सुरक्षा के लिए देर रात जैतहरी थाने से पुलिस टीम को मौके पर बुलवाया।
निरीक्षण के दौरान सीसीएफ एमपी सिंह ने अधिकारियों को जनता की सुरक्षा पुख्ता करने और हाथियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर अनूपपुर वन मंडल अधिकारी डेविड वेंकटराव चनाप, मोजर बेयर प्लांट के मुख्य अधिकारी आरके खटाना, जैतहरी वन क्षेत्राधिकारी विवेक मिश्रा, अनूपपुर वन क्षेत्राधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह, परिक्षेत्र सहायक जैतहरी रिचर्ड रेगी राव और परिक्षेत्र सहायक वेंकटनगर संतोष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला