मंदसौर : दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिवार को मिली 1.10 करोड़ रुपये की सहायता राशि
मंदसौर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस सैलरी पैकेज (पीएसपी) योजना के तहत मंदसौर पुलिस ने दिवंगत प्रधान आरक्षक शांतिलाल चौधरी के परिजनों को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। यह राशि दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन होने पर योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक शांतिलाल चौधरी का अक्टूबर 2025 में दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया था। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ पुलिस सैलरी पैकेज योजना लागू की गई है।
योजना के तहत ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर कर्मचारी के आश्रितों को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि तथा ग्रुप टर्म इंश्योरेंस के अंतर्गत अतिरिक्त 10 लाख रुपये प्रदान किए जाते हैं।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंदसौर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, पीएसपी योजना प्रभारी विनोद आर्य एवं बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में दिवंगत प्रधान आरक्षक शांतिलाल चौधरी के पुत्र और पुत्री को कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया