अनूपपुर: ‘राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल सेवा ज्योति कलश यात्रा का बुधवार को करेंगे शुभारंभ

 


अनूपपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल 7 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा के जिला स्तरीय एवं कोतमा के कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल सुबह 9:30 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा के जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने बताया कि जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 07 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से निकलने वाली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का जिला मुख्यालय से शुभारंभ होगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रातः 9 बजे से 9.45 बजे तक देशभक्ति गीतों का गायन होगा। इसके पश्चात प्रातः 9.45 बजे प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के उद्घाटन के पश्चात दिल्ली के मुख्य समारोह से सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद जिले में भी सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। राज्यमंत्री सुबह 11:50 बजे गांधी चौक, कोतमा में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना होंगी सेवा ज्योति यात्रा

सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित होने के बाद जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से आए नागरिक अपनी-अपनी सेवा ज्योति यात्रा के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। यात्रा में सबसे आगे एक रथ रहेगा, जबकि रथ के पीछे एक नागरिक प्रज्ज्वलित मशाल लेकर चलेगा।

व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश

कलेक्टर ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए मंच, बैठक, बैकड्रॉप, स्क्रीन, एलईडी, साउंड सिस्टम, पेयजल, भोजन, यातायात, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला