दतियाः भांडेर में हाईवे किनारे सब्जी मंडी से जाम की समस्या, दिनभर रेंगता रहता है ट्रैफिक
दतिया, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतियां जिले के भांडेर नगर में भिंड-बिछौंदना हाईवे के दोनों ओर लग रही अस्थायी सब्जी मंडी के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क किनारे सब्जी और फल विक्रेताओं के साथ हाथ ठेले खड़े रहने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहन रेंगते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर परिषद द्वारा अब तक दुकानदारों के लिए कोई स्थायी स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। यही वजह है कि विक्रेता सड़क किनारे ही दुकानें लगाने को मजबूर हैं, जिससे हाईवे का स्वरूप बिगड़ गया है और यातायात बाधित हो रहा है।
नगर के पुराने अस्पताल के सामने स्थिति और भी गंभीर है, जहां सड़क के एक ओर सब्जी और दूसरी ओर फल विक्रेता खड़े हो जाते हैं। इससे सड़क इतनी संकरी हो जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है और दिन में कई बार जाम लगना आम बात हो गई है।
हालांकि नगर परिषद द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए गए, लेकिन वे केवल औपचारिकता तक सीमित रहे। स्थायी समाधान नहीं होने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बताया जाता है कि कुछ विक्रेता मेला ग्राउंड में भी व्यापार करते हैं, लेकिन कई दुकानदार वर्षों से सड़क किनारे ही जमे हुए हैं। इससे सड़क की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है।
भांडेर ही नहीं, नगर की अन्य सड़कों पर भी इसी तरह अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर दुकान का सामान और वाहन सड़क पर खड़े रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए और सब्जी विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा