आगरमालवाः त्योहारों एवं राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर पुलिस ने ली होटल संचालकों की बैठक

 


आगरमालवा, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में आगामी त्योहारों एवं राष्ट्रीय पर्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को जिले के होटल संचालकों की बैठक हुई।

बैठक में एसपी दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि होटल एवं लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान का उचित सत्यापन एवं रिकॉर्ड संधारण सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि, वाहन अथवा वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

उन्होंने कहा कि होटल संचालकों की सजगता किसी भी संभावित अपराध अथवा अप्रिय घटना की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि होटल के प्रवेश एवं निकास द्वार, रिसेप्शन, पार्किंग तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सुचारू स्थिति में रखे जाएं और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के होटल संचालक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा