अनूपपुर,आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय का निर्धारण अब स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार होगा

 


अनूपपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर, शहडोल जिले में भारत सरकार के निर्देशानुसार आंगनवाड़ी केंद्रों का वर्ष में 300 दिवस संचालन अनिवार्य किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन के लिए प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। स्थानीय परिस्थितियों, मौसम एवं भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अब आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन संबंधी आदेश जारी करने का दायित्व जिला कलेक्टर को सौंपा गया है।

कलेक्टर अनूपपुर और शहडोल द्वारा रविवार को जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन के लिए प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। समय में औसतन 4 घंटे बच्चों से संबंधित केंद्र आधारित गतिविधियों तथा 3 घंटे पूरक पोषण आहार वितरण, गृहभेंट, आंगनवाड़ी सेवाओं के अभिलेख संधारण एवं अन्य विभागीय कार्यों के लिए निर्धारित किए गए हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रमुख हितग्राही 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे होते हैं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं तथा जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों को सहजता एवं सुलभता से सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रों के संचालन का समय स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप निर्धारित किया जाएगा।

स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार होंगे आवश्यक परिवर्तन

आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वर्ष में 300 दिवस संचालन के पश्चात शेष 65 दिवसों में 52 रविवार के अतिरिक्त 13 दिवस का अवकाश जिला स्तर से निर्धारित किया जाएगा। मौसम में परिवर्तन जैसे अत्यधिक गर्मी, लू, अतिवर्षा एवं शीतलहर की स्थिति में भी केंद्रों के संचालन समय में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकेगा। इसी प्रकार बाढ़, सूखा, महामारी जैसी प्राकृतिक आपदा एवं विपरीत परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर से निर्णय लिया जाएगा।

केंद्रों के बाहर प्रदर्शित करनी होगी समय-सारणी

आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन की समय-सारणी केंद्रों के बाहर स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा, जिससे समुदाय के लोगों को केंद्र संचालन के समय की जानकारी सहजता से मिल सके। इसके अतिरिक्त आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आंगनवाड़ी केंद्रों पर ओ.आर.एस. पैकेट, जिंक सहित आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला