अनूपपुर: श्री कल्याण सेवा आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नववर्ष का उल्लासपूर्ण स्वागत

 


अनूपपुर, 01 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पवित्र तीर्थ नगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम में नववर्ष 2026 का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, आध्यात्मिक वातावरण और भक्तिभाव के साथ अत्यंत उल्लासपूर्वक किया गया। इस अवसर पर माता भगवती नर्मदा की विधिवत आराधना की गई तथा आश्रम के परम पूज्य गुरु तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज का पूजन-अर्चन कर नववर्ष का स्वागत किया गया।

गुरूवार के प्रातःकाल वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में संतगण, श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे। संपूर्ण आश्रम परिसर “हर-हर नर्मदे” और वैदिक मंत्रों की ध्वनि से भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर आशीर्वचन देते हुए तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज ने समस्त देश एवं विदेश वासियों को नववर्ष की शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि संतों की परंपरा सदैव “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना से जुड़ी रही है। नववर्ष हो या वर्ष का कोई भी दिन, संत समाज की यही कामना रहती है कि समस्त मानव समाज सुखी, निरोगी एवं शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करे।

इस दौरान श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि महाराज, ब्रह्मचारी जी महाराज, स्वामी जगदीश आनंद जी महाराज, स्वामी धर्मानंद जी महाराज, स्वामी शांतानंद जी महाराज, स्वामी सुंदरानंद जी महाराज, स्वामी महादेवानंद जी महाराज, स्वामी रामेश्वर आनंद जी महाराज तथा श्री कल्याण सेवा आश्रम के प्रमुख ट्रस्टी डमरूधर अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कार्यक्रम में पंडित मुकेश पाठक पंडित संदीप ज्योतिषी पंडित सुनील दुबे सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहें। नववर्ष के इस आध्यात्मिक आयोजन ने आश्रम परिसर को श्रद्धा, शांति और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया एवं नववर्ष को सेवा, साधना और सद्भाव के संकल्प के साथ मनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला