मंदसौरः नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन
मंदसौर, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे आडिटोरियम में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन्व का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
महिलाओं को संसद एवं विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार,, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना सहित जिलाधिकारी, बड़ी संख्या में मातृ शक्ति पत्रकार मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता रही, जिससे सम्मेलन का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा। इससे महिलाओं को न केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलेगा, बल्कि नीति निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि इस अधिनियम का एकजुटता के साथ समर्थन करें।
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक संसद में इस विषय पर तीन दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसे सभी नागरिकों को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक महिलाओं ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और अब समय आ गया है कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भी समान भागीदारी दी जाए।
प्रभारी मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि इन प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
अंत में प्रभारी मंत्री द्वारा 10वीं एवं 12वीं कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं का मंच से सम्मानित किया एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया