विधायक विपिन जैन ने डेढ़ घंटे किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश
मंदसौर, 21 अगस्त (हि.स.)। मंदसौर विधायक विपिन जैन ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का करीब डेढ़ घंटे तक औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों और अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट विधायक द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपी जाएगी।
विधायक ने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन तथा गर्भवती महिलाओं के लिए दिए जाने वाले विशेष आहार की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की ओपीडी, टीकाकरण केंद्र और बच्चों के टीकाकरण की व्यवस्थाएं भी देखीं।
इसके बाद विधायक ओपीडी पहुंचे और वहां उपचार के लिए आए मरीजों से चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों को जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
विधायक जैन ने चिकित्सकों और अस्पताल के कर्मचारियों को मरीजों एवं उनके परिजनों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में मुख्य रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सिविल सर्जन को सोनोग्राफी मशीन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित चिकित्सक को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने की बात भी कही, ताकि मरीजों को सोनोग्राफी सुविधा के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टरों और कर्मचारियों को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
विधायक ने मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क दवाइयों के वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
वहीं, गर्भवती महिलाओं को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एंबुलेंस के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए सिविल सर्जन को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी के बाद गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित रूप से उनके निवास तक पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
विधायक ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया