अनूपपुर आध्यात्मिक आस्था, पर्यावरण और सतत विकास का संगम : राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल
अनूपपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक, समृद्ध वन संपदा, जनजातीय संस्कृति और खनिज संसाधनों से समृद्ध अनूपपुर आध्यात्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का अद्भुत संगम है। यह संगम विकसित मध्यप्रदेश की यात्रा में जिले को महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान कर रहा है। यह बात प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।
राज्यमंत्री ने देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसी दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं, जिला प्रशासन के प्रयासों और जनता की सक्रिय भागीदारी से पिछले एक वर्ष में अनूपपुर ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ये उपलब्धियां जिले में हो रहे सकारात्मक बदलाव और बेहतर भविष्य की दिशा में बढ़ते कदमों को दर्शाती हैं।
ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। समारोह के दौरान शांति और सद्भाव के प्रतीक गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए।
मार्च पास्ट में दिखा अनुशासन और देशभक्ति
समारोह में विशेष सशस्त्र बल 10वीं वाहिनी (एसएएफ) डी कंपनी, सागर कैंप चचाई, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, जिला होमगार्ड बल, एनसीसी, रेडक्रॉस, स्काउट-गाइड, शौर्य दल तथा पुलिस बैंड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे और सेकंड इन कमांडर सूबेदार अम्बरीष कुमार साहू ने किया। प्रतिभागी दलों ने अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
सीनियर वर्ग में जिला होमगार्ड बल ने प्रथम, विशेष सशस्त्र बल 10वीं वाहिनी डी कंपनी ने द्वितीय और जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का स्काउट-गाइड दल प्रथम, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दल द्वितीय और एनसीसी जूनियर शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का दल तृतीय रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जूनियर वर्ग में संत तुलसी मॉडल हाई स्कूल के 70 विद्यार्थियों ने ‘सेवा का जोहार’, ज्ञानोदय हाई स्कूल के 150 विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, डी.व्ही.एम. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 60 विद्यार्थियों ने ‘दुनिया वाले जाने हमको’ तथा भारत ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने बैंड डिस्प्ले प्रस्तुत किया।
सीनियर वर्ग में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 90 विद्यार्थियों ने ‘ओ रंग रसिया’, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 100 विद्यार्थियों ने ‘मां से है माटी’ और शासकीय कन्या शिक्षा परिसर के 150 विद्यार्थियों ने ‘सुंदर भारत माटी’ गीत पर प्रस्तुति दी। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की विविधता, संस्कृति और मातृभूमि के प्रति प्रेम को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इन्हें मिला पुरस्कार
जूनियर वर्ग में बाल भारती पब्लिक स्कूल जैतहरी को प्रथम, डी.वी.एम. पब्लिक स्कूल अनूपपुर को द्वितीय और सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर को तृतीय पुरस्कार मिला।
सीनियर वर्ग में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर ने प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय और शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के मीडिया अधिकारी अमित श्रीवास्तव और शासकीय हाईस्कूल मौहरी की प्राचार्य लतिका श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, प्रभारी पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, एसडीएम अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, नगरपालिका अनूपपुर अध्यक्ष अंजुलिका सिंह सहित अमर शहीदों के परिजन, लोकतंत्र सेनानी मूलचंद्र अग्रवाल, घनश्याम दास गुप्ता, चंद्रशेखर चतुर्वेदी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत में भी फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में कलेक्टर रत्नाकर झा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
जिला पंचायत कार्यालय परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला