प्रभारी मंत्री 25 जुलाई को करेंगे जिले के तीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण

 


आगरमालवा, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा जिले में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालयों के भवनों का लोकार्पण 25 जुलाई (शनिवार) को जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान करेंगे। इस दौरान गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सभी विद्यालयों में 'सांदीपनि उत्सव' का भी आयोजन किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आगरमालवा, सुसनेर और नलखेड़ा में निर्मित नवीन सांदीपनि विद्यालय भवनों के लोकार्पण से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

उन्होंने बताया कि लोकार्पण समारोह के अवसर पर विद्यालयों में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित आगरमालवा सांदीपनि विद्यालय भवन का प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान द्वारा प्रत्यक्ष लोकार्पण किया जाएगा, जबकि सुसनेर और नलखेड़ा के विद्यालय भवनों का जिला मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण होगा।

लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा