अनूपपुर: अमरकंटक में सामूहिक श्रमदान में प्रभारी मंत्री ने किया श्रमदान, लगाया पौधा, 376 पौधों का किया गया रोपड़
अनूपपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरूवार को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र नर्मदा नगरी अमरकंटक में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।
मानव श्रृंखला बनाकर किया सामूहिक श्रमदान
अमरकंटक के रामघाट के दक्षिण तट पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विश्वविद्यालय एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक श्रमदान किया। सभी ने रामघाट के दक्षिणी तट पर स्वच्छता कार्य करते हुए कचरा एवं अपशिष्ट सामग्री एकत्रित की। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
रामघाट के दक्षिणी तट पर 50 पौधों का किया गया रोपण
श्रमदान के पश्चात रामघाट के दक्षिणी तट पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के, कलेक्टर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडलाधिकारी,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं अन्य सहभागियों ने पौधारोपण किया। रामघाट के दक्षिणी तट पर कुल 50 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सहभागियों द्वारा साल के पौधों का रोपण किया गया।
धुम्मा घटिया में 76 पौधों का रोपण
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा अमरकंटक के धुम्मा घटिया में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने रुद्राक्ष, कलेक्टर ने बहेड़ा तथा राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने अर्जुन का कुल 76 पौधों का रोपण किया गया। इनमें रुद्राक्ष, बहेड़ा, आंवला, कटहल, अर्जुन, करंज, सरस, आम, पारस पीपल, जामुन, पीपल, बरगद, साल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
श्री नर्मदे हर सेवा न्यास में 250 पौधों का रोपण
श्री नर्मदे हर सेवा न्यास, अमरकंटक में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रभारी मंत्री, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक, वन मंडल अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी तथा अन्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आयोजित गतिविधियों में सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला