आगरमालवाः प्रभारी मंत्री चौहान ने ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक

 


आगरमालवा, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागरसिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को आगरमालवा जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले के समग्र विकास, विभिन्न विभागों की प्रगति तथा जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री चौहान ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए “स्कूल चले हम अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य-पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा बाउंड्री विहीन विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। साथ ही छात्रावासों के सुचारू संचालन एवं आवश्यकतानुसार पुनर्व्यवस्थापन पर भी चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री ने 14 वर्ष तक की बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरानजिला चिकित्सालय सहित सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जिला चिकित्सालय में जल गुणवत्ता का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के पश्चात सड़कों पर किए गए गड्ढों को शीघ्र भरवाने तथा रोड रेस्टोरेशन कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में सरपंच एवं सचिव की स्वीकृति सुनिश्चित की जाए तथा कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़कों एवं रपटों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने आगामी डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने एवं अंबेडकर प्रतिमाओं की आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 10 अप्रैल से प्रारंभ “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए।

बैठक में स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जल संसाधन, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की गई, जिस पर प्रभारी मंत्री द्वारा बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव द्वारा जिले के विकास संबंधी जानकारी प्रस्तुत की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा