अनूपपुर: सेवा संकल्प अभियान के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा सेवा और विकास का संदेश-विधायक मनीषा सिंह

 


अनूपपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

सोमवार को भाजपा कार्यालय अनूपपुर में सेवा संकल्प अभियान की संपूर्ण जानकारी मध्य प्रदेश भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने पत्रकार वार्ता में साझा करते हुए दी। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह की उपस्थिति रहें।

मनीषा सिंह ने कहा कि अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में की जाएगी। इस अवसर पर रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदेश के सभी बूथों पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। इसके साथ ही 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं से आए बदलावों को नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और उनकी माताओं के साथ कार्यक्रम आयोजित कर पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 कहानियां तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की जाएंगी।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के तहत 7 अक्टूबर को विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली आयोजित होंगी। यात्रा के समापन पर सामूहिक रूप से विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। वहीं ‘नर्मदा यात्रा’ के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जल लेकर वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने बताया कि अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता समाजसेवा में अपना योगदान देगा। नागरिक भी न्यूनतम 25 मिनट श्रमदान कर अभियान में सहभागिता कर सकेंगे। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में सहायता की जाएगी। अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और इनोवेटर्स को जोड़कर नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने बताया की सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा भावना, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला