जन सेवा यात्रा कल आगरमालवा जिले में प्रवेश करेगी

 


आगरमालवा, 22 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणासी तक निकाली जा रही जन सेवा यात्रा 23 सितम्बर को आगरमालवा जिले के ग्राम बरगड़ी से जिले में प्रवेश करेगी। इस मौके पर बड़ौद एवं आगरमालवा में कार्यक्रम आयोजित किये जाएगे।

यात्रा के सुचारू संचालन एवं कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने आज मंगलवार को जिले के प्रवेश स्थल, प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों एवं यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के दौरान पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित की जाएं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखें।

जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी ने बताया कि सेवा यात्रा जिले की बड़ौद तहसील के ग्राम बरगड़ी से जिले में प्रवेश करने के उपरांत प्रातः 11 बजे बड़ौद पहुंचेगी। यहां स्वच्छता कार्यक्रम एवं पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद सेवा यात्रा दोपहर 2 बजे आगरमालवा जिला मुख्यालय पहुंचेगी। यहां विजय स्तंभ पर पूर्व सैनिकों का सम्मान एवं भारत माता की आरती उतारी जायेगी। इसके बाद सेवा यात्रा का नगर भ्रमण होगा इस दौरान पुस्तक वितरण एवं विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा