आगरमालवा पहुंची जन सेवा यात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; मंत्री नागर ने बताया यात्रा का उद्देश्य
आगरमालवा, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणासी तक निकाली जा रही जन सेवा यात्रा बुधवार को मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में पहुंची। यात्रा ने ग्राम बरगड़ी से जिले में प्रवेश किया। इस दौरान प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। जिले में यात्रा के प्रवेश और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया।
प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा 17 सितंबर से देशभर में भ्रमण कर रही है। यात्रा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देना और प्रधानमंत्री के जीवन तथा जनसेवा के कार्यों से लोगों को अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। उनके नेतृत्व में आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से जन सेवा यात्रा से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने श्रीकृष्ण गौशाला में गायों के लिए प्रस्तावित अस्पताल का भूमिपूजन भी किया।
इसके पूर्व सेवा संकल्प अभियान के तहत जन सेवा यात्रा ग्राम बरगड़ी से रवाना होकर उज्जैन-गरोठ हाईवे होते हुए बड़ौद पहुंची। यहां बाइक रैली के साथ बाइक पर सवार होकर पहुंचे प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान का कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना और पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
यात्रा और बाइक रैली का मार्ग में जगह-जगह जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान गुजरात से आए रीडर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ रतलाम से कलश यात्रा लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान उन्हें अपार सम्मान मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश के निरंतर विकास और प्रगति की कामना की।
शाम को जन सेवा यात्रा के आगरमालवा पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जिला मुख्यालय स्थित विजय स्तंभ पर मां भारती का पूजन कर आरती की गई। इस अवसर पर विधायक मधु गहलोत ने पूर्व सैनिकों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विजय स्तंभ से जन सेवा यात्रा नगर भ्रमण करते हुए सांदीपनि विद्यालय पहुंची। यहां विधायक मधु गहलोत ने अतिथियों के साथ मां सरस्वती का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पवन शर्मा ने जन सेवा यात्रा के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान विधायक मधु गहलोत ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में निकाली जा रही जन सेवा यात्रा जन-जन को जोड़ने का काम कर रही है। उनके संबोधन में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात भी कही गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा