अशोकनगर : करीला धाम से अयोध्या भेजी जाएगी पवित्र रज और जल
अशोकनगर, 25 अप्रैल हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के प्रसिद्ध करीला धाम में सीता नवमी का पर्व शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ करीला धाम से अयोध्या के लिए पवित्र मिट्टी (रज) और जल भेजने की घोषणा की गई, जिसे श्रद्धालु विशेष आध्यात्मिक महत्व से जोड़कर देख रहे हैं।
करीला धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव और पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव की उपस्थिति में माता जानकी का विशेष श्रृंगार किया गया तथा 56 भोग अर्पित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।
अयोध्या भेजे जाएंगे पवित्र कलश
सीता नवमी के अवसर पर धाम की पवित्र मिट्टी और जल को कलशों में संग्रहित किया गया। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी से जल लिया गया, जबकि मंदिर के पीछे स्थित प्राचीन चंपा वृक्ष के पास से मिट्टी एकत्र की गई। श्रद्धालुओं के अनुसार इस स्थान की मिट्टी को माता जानकी के चरणों की रज माना जाता है। इन कलशों को 29 अप्रैल को अयोध्या ले जाया जाएगा, जहां श्री राम जन्मभूमि परिसर में भगवान श्रीराम को यह भेंट अर्पित की जाएगी।
पूर्व सांसद ने जताया गौरव
पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि अयोध्या आंदोलन के समय जिले के कई कारसेवक वहां गए थे और अब उन्हीं लोगों के साथ करीला धाम की पवित्र रज और जल लेकर अयोध्या जाना सौभाग्य की बात है।
श्रद्धा का केंद्र है करीला धाम
करीला धाम को कई श्रद्धालु लव-कुश की जन्मस्थली के रूप में मान्यता देते हैं। ऐसे में यहां से अयोध्या तक यह धार्मिक भेंट भेजे जाने को भक्तजन आस्था और श्रद्धा के विशेष प्रतीक के रूप में देख रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार