अनूपपुर: जिला कांग्रेस 140वां एवं सेवादल ने 102वां मनाया स्थापना दिवस

 


अनूपपुर, 28 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जिला कांग्रेस ने रविवार को अपना 140वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल का 102वां स्थापना दिवस भी समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सर्वप्रथम पार्टी का ध्वज जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान के नेतृत्व में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान हुआ और कांग्रेस की विचारधारा तथा संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सेवादल जिलाध्यक्ष डॉ एहसान अली ने इतिहास और संविधान निर्माण की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी से लेकर लोकतंत्र की मजबूती तक निरंतर संघर्ष किया है। कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है और उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज एक बार फिर संघर्ष का समय है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना 140 वां वर्ष का इतिहास गौरवशाली रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली गाथा एवं संविधान निर्माण पार्टी की श्रेष्ठ उपलब्धि है। देश का संविधान देश के आदिवासी हरिजन, अल्पसंख्यक दबे कुचले शोषित पीड़ित सभी को स्वतंत्रता का अधिकार के साथ-साथ मौलिक अधिकार भी प्रदान करता है। कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है और अनेक उपलब्धियों से जुड़ी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'संविधान बचाओ अभियान' में शामिल होकर ही लोकतंत्र की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के गरीबों के अधिकारों का हनन कर रही है और सभी वर्गों में भय पैदा कर समाज को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस को इसके खिलाफ संघर्ष करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष हमेशा गरीबों,किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज लोकतंत्र, संविधान और सांविधानिक संस्थाओं पर योजनाबद्ध तरीके से प्रहार किया जा रहा है जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता चरम पर पहुंच चुकी है जबकि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर किया गया है और भर्ती घोटाले, भूमि घोटाले, अवैध खनन व आदिवासी जमीनों के दुरुपयोग जैसे मुद्दों ने जनता को परेशान कर दिया है।

अंत में सेवादल के नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों मुख्य अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। तथा इस वर्ष दिवंगत हुए कांग्रेस पार्टी के नेताओं को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला