अनूपपुर: दिगंबर जैन समाज ने श्रद्धा और क्षमाभाव के साथ मनाया गया क्षमावाणी महोत्सव

 




अनूपपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक सहित जिले भर में रविवार को दिगंबर जैन समाज ने दशलक्षण महापर्व के समापन पर क्षमावाणी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, आत्मावलोकन और क्षमाभाव के साथ मनाया। सर्वोदया तीर्थ क्षेत्र समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज अमरकंटक के आयोजन में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम हुए। महोत्सव के दौरान नगर में धर्म, अहिंसा, मैत्री और आपसी सद्भाव का वातावरण दिखाई दिया।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में आदिनाथ भगवान के विधिवत पूजन-अर्चन, अभिषेक, शांतिधारा एवं विधान के साथ हुआ। इसके पश्चात समाजजनों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने स्नेह एवं आत्मीयता के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

दोपहर में सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र से आदिनाथ भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जैन समाज के पुरुष एवं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में वाद्य यंत्रों के साथ भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते उत्साह और हर्षोल्लास के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने धार्मिक भावनाओं के साथ सहभागिता की।

शोभायात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, नायब तहसीलदार विनोद सिंह परिहार,हल्का पटवारी अमरकंटक अश्वनी तिवारी, सुनील जैन, देवेंद्र जैन, निलेश जैन, राकेश जैन, दया जैन, महेश जैन, प्रशांत जैन, सोनू जैन, सीताराम जैन, प्रकाश मोदी,श्यामलाल सेन, पत्रकार धनंजय तिवारी, श्रवण उपाध्याय, मुन्नू पांडे सहित जैन समाज के लोगो के साथ नागरिकों ने भी शोभायात्रा में सहभागिता की।

जैन परंपरा में क्षमावाणी पर्व आत्मावलोकन, संयम और परस्पर क्षमा-याचना का महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। दशलक्षण महापर्व की साधना के पश्चात मनाए जाने वाले इस पर्व पर श्रद्धालु जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगते हुए मैत्री, सद्भाव और अहिंसा का संदेश देते हैं। क्षमा के इसी भाव के साथ यह पर्व आत्मशुद्धि और आपसी प्रेम की भावना को और गहरा करता है।

संध्याकाल सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में भव्य संगीतमय महाआरती भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की आराधना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला