मंदसौरः उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने ग्राम गुर्जरबर्डिया में 333 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया

 


मंदसौर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को मंदसौर जिले के गुर्जरबर्डिया स्थित सांदीपनि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 295 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। कार्यक्रम में जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाली एवं स्वच्छता विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दीं। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने विद्यालय को आईएसओ 9001:2015 क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया तथा विद्यालय में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली।

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में डोम का निर्माण कराया जाएगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में जो भी आवश्यक सुविधाएं होंगी, उन्हें प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया