बारिश के बीच उमरिया में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह, कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण

 


उमरिया, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिला मुख्यालय स्थित अमर शहीद स्टेडियम में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद परेड निरीक्षण और मार्च पास्ट हुआ। समारोह के दौरान बारिश शुरू हो जाने के बावजूद स्कूली बच्चों ने पीटी प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8.59 बजे हुआ। सुबह 9 बजे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के बाद ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया। मार्च पास्ट के उपरांत उन्होंने परेड में शामिल प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

समारोह स्थल से मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके बाद कलेक्टर ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।

बारिश में भी बच्चों का उत्साह बरकरार

समारोह के दौरान बारिश शुरू हो गई। मैदान में पानी और कीचड़ होने के बावजूद विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन किया। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बारिश के बीच ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा पुरस्कार वितरित किए गए।

समारोह का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी