अनूपपुर: अमरकंटक में 10 डिग्री के करीब पहुंचा न्यूनतम तापमान

 




अनूपपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश एवं अनूपपुर जिले सहित प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ मॉ नर्मदा की उद्गम स्थली नगरी अमरकंटक में सर्दी धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाने लगी है। मौसम के बदलते मिजाज के साथ तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। प्रकृति की गोद में बसे अमरकंटक की वादियों में ओस की शबनमी बूंदें घास, पत्तियों और पेड़-पौधों पर मोतियों की तरह चमकने लगी हैं। ठंड का प्रभाव इसी तरह बढ़ता रहा तो ये ओस की बूंदें जल्द ही बर्फ की शक्ल लेने लगेंगी।

जिले में बुधवार का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस वहीं अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पवित्र नगरी अमरकंटक का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस रहा है। तापमान में आ रहे इस बदलाव से स्पष्ट है कि अमरकंटक में सर्दी अब धीरे-धीरे अपना असर बढ़ाने लगी है।

दिन ढलते ही वातावरण में ठंडक घुलने लगती है और देर रात से लेकर सुबह तक सर्द हवाओं का एहसास होने लगा है। पहाड़ी क्षेत्र और चारों ओर फैले घने वनांचल के कारण यहां का मौसम मैदानी इलाकों से अलग रहता है। विशेषकर सुबह के समय ओस की बूंदों से भीगी वनस्पतियां और ठंडी हवाएं सर्दियों के आगमन का सुंदर एहसास कराती हैं।

ठंड के इस बदलते स्वरूप के बीच अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता भी एक अलग ही छटा बिखेरने लगी है। यहां पहुंचने वाले पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और मां नर्मदा के दर्शनार्थियों को अब गर्म कपड़ों के साथ यात्रा करने की आवश्यकता महसूस होने लगी है। सुबह की हल्की धुंध, ओस से भीगी हरियाली और सर्द हवाएं संकेत दे रही हैं कि पवित्र नगरी अमरकंटक में शीत ऋतु का आगमन हो चुका है और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

भू-अभिलेख विभाग के अधीक्षक प्रदीप मोगरे ने बताया कि अनूपपुर जिले में नवंबर से ठंड शुरू हो जाती है। तापमान में गिरावट जारी रही तो महीने के अंत तक ठंड और बढ़ेगी। इससे रबी की फसल को भी लाभ मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला