शहडोल: गांव में ही समस्याओं का निराकरण कराना मुख्यमंत्री जी की मंशा – विधायक जयसिंह मरावी
ग्राम बरतता में आयोजित शिविर में 105 आवेदनों में से 63 का मौके पर निराकरण
शहडोल, 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण करने के उद्देश्य से जन विश्वास अभियान के तहत सोहागपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बरतता में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक सोहागपुर जयसिंह मरावी, विधायक मिनीषा सिंह एवं कलेक्टर पार्थ जायसवाल की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया।
इस अवसर पर विधायक जयसिंह मरावी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ और जनसमस्याओं का निराकरण लोगों को उनके गांव में ही मिले। ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय या अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जन विश्वास अभियान इसी उद्देश्य को लेकर संचालित किया जा रहा है, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।
विधायक मिनीषा सिंह ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण किया जा रहा है। इससे लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हो रही है और सरकार के प्रति उनका विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का उनके गांव में ही समाधान करना और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारियों को एक ही स्थान पर उपस्थित कर ग्रामीणों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनमें संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में समाधान करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जन विश्वास अभियान तभी सफल होगा, जब आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के सहयोग से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कराया। शिविर में पेंशन योजना, अनुग्रह सहायता योजना, पात्रता पर्ची, किसान सम्मान निधि, सड़क निर्माण तथा राजस्व से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कुल 105 आवेदनों में से 63 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने तथा आधार कार्ड तैयार करने की व्यवस्था भी की गई थी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्व-सहायता समूहों को सीसीएल लिमिट का लाभ प्रदान किया गया तथा राजस्व एवं पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें मौसमी बीमारियों से पीड़ित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विधायक द्वय जयसिंह मरावी एवं मिनीषा सिंह, कलेक्टर पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, जनपद पंचायत अध्यक्ष हीरावती कोल, जिला पंचायत सदस्य जगन्नाथ शर्मा, एसडीएम अमृता गर्ग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर ममता मिश्रा, रविकांत त्रिपाठी, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच सहित आसपास की छह ग्राम पंचायतों के ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला