उज्जैनः मुख्यमंत्री मंगलवार को देश के दूसरे पेप्सिको फ्लेवर कंसंट्रेट निर्माण संयंत्र का लोकार्पण करेंगे

 


उज्जैन, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी स्थित पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड परिसर में देश के दूसरे पेप्सिको फ्लेवर कंसंट्रेट निर्माण संयंत्र का लोकार्पण करेंगे।

इस परियोजना से उज्जैन को देश के प्रमुख औद्योगिक निवेश केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। लगभग 1266 करोड़ रु के निवेश से 22 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह अत्याधुनिक संयंत्र पेय पदार्थों के लिए फ्लेवर कंसंट्रेट का निर्माण करेगा। देश में इस प्रकार के फ्लेवर कंसंट्रेट निर्माण के केवल दो संयंत्र हैं, जिनमें से एक का उज्जैन में स्थापित होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। आधुनिक तकनीक एवं उच्च स्तर के ऑटोमेशन से युक्त यह इकाई वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन करेगी।

इस अत्याधुनिक संयंत्र के संचालन से 800 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। इसके अतिरिक्त परिवहन, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, आपूर्ति श्रृंखला तथा सेवा क्षेत्र में भी व्यापक आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर विकसित होंगे। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में सहायक उद्योगों के विकास को भी गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल