मुख्यमंत्री ने सिवनी प्रकरण पर लिया संज्ञान, एएसपी, एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित

 


अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- मुख्यमंत्री ने दिए प्रकरण की जांच के निर्देश, दोषियों के विरुद्ध सुनिश्चित की जायेगी कठोर कार्रवाई

भोपाल, 18 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी के वायरल वीडियो मामले में पुलिसकर्मियों के संदिग्ध आचरण पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एएसपी और एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, सिवनी के एक होटल में रिकॉर्ड हुए वीडियो में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की युवक-युवती से बातचीत सामने आई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक के बैग में गांजा रखकर उसे एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी दी थी। होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर हर महीने 50 हजार रुपए मांगने के आरोप भी लगाए हैं। जिसका वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रकरण को लेकर जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर एएसपी, एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ कर्तव्यों के निर्वहन की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत