अनूपपुर: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने पत्रकारों के सवालों पर गोल-मोल जबाब
अनूपपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने पत्रकारों को बताया कि जनजातीय संवर्ग के उत्थान व शिक्षा, स्वास्थ्य,जनजातीय संस्कृति, परंपरा एवं रीति रिवाज की जागरूकता तथा जनजातीय समाज के समस्याओं के निदान के लिए जनजातीय आयोग सतत रूप से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आयोग के द्वारा लगातार भ्रमण कर आंचलिक समस्याओं के निराकरण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। अनूपपुर जिले की समस्याओं को जानने तथा जनजाति समुदाय के लिए किए गए कार्यों के संबंध में बैठक कर विभिन्न विषयक आवश्यक चर्चा कर जानकारी प्राप्त की तथा समस्याओं के निदान के संबंध में जिला प्रशासन को निर्देश दिए। वहीं पत्रकारों के सवालो पर गोलमोल जबाब दिया।
आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि भारत सरकार तथा मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय समुदाय के लिए बड़े पैमाने पर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। पत्रकारों द्वारा अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के संबंध में पूछे गये सवालो पर कहां कि कल मै विश्वविद्यालय में हॅू हर शिकायत की बारीकी से समीक्षा कर कार्यवाही की जायेगी।
जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य मंगलवार को जिले के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक तथा जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों तथा वनाधिकार एवं पेसा एक्ट से जुड़े प्रतिनिधियों आदि के साथ बैठक कर जनजातीय संवर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव प्राप्त किए तथा आयोग के कार्यों के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत एवं सुझाव के संबंध में भी जानकारी दी। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक सुझाव प्रदान किये।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला