मंदसौरः जिले की ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण व उन्नयन का अभियान तेज
मंदसौर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में कलेक्टर अदिती गर्ग के निर्देशन में जिले की प्राचीन एवं ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं उन्नयन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत इन बावड़ियों को पुनर्जीवित कर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन ने बुधवार को बताया कि जिले के विभिन्न ग्राम एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर ऐसी ऐतिहासिक एवं दुर्लभ बावड़ियों को चिन्हित किया जा रहा है, जो वर्तमान में उपेक्षा का शिकार हैं या जिनका संरक्षण आवश्यक है।भ्रमण के दौरान श्री जैन ने ग्राम लसुड़ावन में चिन्हित बावड़ी का स्थल निरीक्षण किया तथा उसके उन्नयन, साफ-सफाई, संरचनात्मक सुधार एवं जल संचयन क्षमता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत रिछा लाल मुहा में स्थित बावड़ी का भी निरीक्षण किया गया, जहां उन्नयन एवं जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है।
सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन बताया कि जिले की सभी महत्वपूर्ण बावड़ियों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार की जाएगी तथा प्राथमिकता के आधार पर उनके संरक्षण एवं पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। इन बावड़ियों को स्थानीय समुदाय की भागीदारी से संरक्षित किया जाएगा, जिससे जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े। इस अभियान के माध्यम से न केवल पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण होगा, बल्कि जल संकट के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इन ऐतिहासिक धरोहरों को पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया