अनूपपुर: कर्नाटक हादसे में मृत श्रमिकों के शव गृह ग्राम पहुंचे, प्रशासन की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

 




अनूपपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के दो श्रमिक युवकों की कर्नाटक में ग्रेनाइट खदान में चट्टान धंसने से हुई आकस्मिक हृदयविदारक दुर्घटना में मृत्यु हो गई, जिनके शव रविवार की सुबह उनके पार्थिव शरीर गृह ग्राम पहुंचे। ग्राम सेमरवार निवासी 36 वर्षीय भुवनेश्वर सिंह गोंड और ग्राम सिंधौरा निवासी 22 वर्षीय राजेश कुमार चौधरी का अंतिम संस्कार प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। शवों को बेंगलुरु से एयर एंबुलेंस द्वारा रायपुर भेजा गया था, जिसके बाद एंबुलेंस वाहन से उनके गृह ग्राम पहुंचाया गया। राजेश प्रसाद चौधरी का शव सिंधौरा और भुवनेश्वर गोंड का पार्थिव शरीर सेमरवार पहुंचा। पार्थिव शरीर देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इसके पूर्व परिजनों ने एंबुलेंस से शव उतारने से इंकार किया था, क्याेंकि सेमरवार में कंपनी प्रंबंधन से सभी सेटलमेंट क्लियर करने का कोई पत्र ना मिलने और मृतकों के मृत्यु प्रमाणपत्र ना देने एवं उन्हें अभी तक मुआवजा राशि और मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने से आगे के कार्यों में परेशानी हाेने की बात कही। क्योंकि मृतक अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले थे। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मध्य प्रदेश शासन की संबल योजना के तहत 4 लाख रुपए, कर्नाटक सरकार और खदान कंपनी की ओर से 5-5 लाख रुपए की मुआवजा राशि जल्द ही प्रदान की जाएगी। जैतहरी एसडीएम टीआर नाग और तहसीलदार रमाकांत तिवारी ने बताया कि शवों को परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में सौंपा गया।

रस्मों की अदायगी के बाद पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित ग्रेनाइट खदान में 40 फीट की ऊंचाई से चट्टान गिरने से यह हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में कुल 7 लोगों की मौत हुई थी और 5 गंभीर रूप से घायल हुए थे। जबकि घायलों में छोटेलाल निवासी पंडरी (ठेहि -गौरेला जैतहरी) एवं गुलाब सिंह तितरी पोंडी है जिनका प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन डिस्चार्ज कर दिया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला