अनूपपुर: नाबालिग के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर ले गया था ओडिशा
अनूपपुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतमा पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग के अपहरण के मामले में आरोपी 18 वर्षीय अफरीद खान उर्फ बबलू को ओडिशा से गिरफ्तार सोमवार रात कोतमा थाने लाया गया। नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग 12 नवंबर को अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अपहृता और आरोपी की तलाश कर रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती की और शादी का झांसा देकर नाबालिग का अपहरण किया और उसे ओडिशा ले गया। पुलिस की जांच, साइबर सेल और मुखबिरों की सूचना से पता चला कि किशोरी 700 किलोमीटर दूर ओडिशा में थी। पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर कोतमा लाया। आरोपी अफरीद खान उर्फ बबलू, सरोढा, जिला नवागढ़, थाना नवागांव का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 64 (1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3, 4, 5, 6 जोड़ी गईं। नाबालिग को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला