आगर मालवा : रविवार को बहनों के खातों में पहुंचेगी लाड़ली बहना की 40वीं किस्त, 1,835 करोड़ रुपये होंगे अंतरित

 


आगर मालवा, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए रविवार 13 सितंबर का दिन खास होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे पहुंचाई जाएगी। सितंबर की किस्त जारी होने के साथ ही योजना की शुरुआत से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। योजना के प्रारंभिक चरण में पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। इसके बाद अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई और महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये मिलने लगे।

नवंबर 2025 से सरकार ने एक बार फिर सहायता राशि में 250 रुपये का इजाफा किया। इसके बाद पात्र महिला हितग्राहियों को वर्तमान में प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का सिलसिला जारी है।

सरकारी जानकारी के अनुसार, जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर 2026 में 40वीं किस्त का अंतरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।

योजना में उन पात्र लाभार्थी महिलाओं को भी प्रावधान के अनुसार लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 900 रुपये प्राप्त होते हैं। ऐसी महिलाओं को दोनों योजनाओं के बीच की अंतर राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

लाड़ली बहना योजना के माध्यम से जून 2023 से अगस्त 2026 तक महिलाओं के बैंक खातों में 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक योजना के अंतर्गत 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान जताया है।

वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। योजना के जरिए प्रदेश की पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का क्रम लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

आगर मालवा को विकास कार्यों की भी सौगात

जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक जगदीश चंद्र मालवीय ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त के अंतरण के साथ आगर मालवा जिले में विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कुल 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे।

इसके अलावा 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस तरह आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला हितग्राहियों को आर्थिक सहायता के साथ जिले के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों की शुरुआत और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण भी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा