मुरैनाः शक्कर कारखाना चलाने का टेंडर जारी, विधायक पंकज उपाध्याय का आमरण अनशन समाप्त

 


मुरैना, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शक्कर कारखाना चलाने की मांग को लेकर शक्कर कारखाना चलाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में पिछले आठ दिनों से जारी आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा कारखाने को संचालित करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर विज्ञप्ति जारी किए जाने के बाद संघर्ष समिति ने शनिवार को आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। इसी दौरान आम जनता, विपक्षी दलों और विभिन्न सामाजिक एवं जन संगठनों के आग्रह तथा विधायक पंकज उपाध्याय की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उनका आमरण अनशन भी समाप्त कराया गया।

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ने जूस पिलाकर विधायक पंकज उपाध्याय का अनशन समाप्त कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

आंदोलन स्थगित करने के साथ संघर्ष समिति और विधायक की ओर से मुख्यमंत्री तथा मुरैना कलेक्टर के नाम संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन पर विधायक पंकज उपाध्याय के साथ महेश दत्त मिश्रा, अशोक तिवारी और जयराम सिंह धाकड़ के हस्ताक्षर हैं।

ज्ञापन में सरकार द्वारा शक्कर कारखाना शुरू करने के निर्णय का स्वागत किया गया है, लेकिन कारखाने को सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से संचालित करने की मांग रखी गई है। इसके अलावा किसानों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान, एमएसएमई को जमीन आवंटित करने संबंधी कार्रवाई निरस्त करने तथा कारखाने की जमीन को खुर्द-बुर्द होने से बचाने की मांग की गई है।

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि सरकार द्वारा मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे आंदोलन को फिर से तेज किया जा सकता है। समिति ने जरूरत पड़ने पर और अधिक व्यापक एवं जुझारू आंदोलन शुरू करने के संकेत भी दिए।

आमसभा में एकजुटता बनाए रखने का आह्वान

आंदोलन स्थगित होने के अवसर पर आमसभा का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन सभी को संघर्ष की तैयारी जारी रखनी होगी। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर किया गया संघर्ष ही आंदोलन को उसकी मंजिल तक पहुंचा सकता है। उन्होंने आंदोलन में शामिल सभी लोगों को एकजुटता के लिए बधाई दी।

सभा को विधायक दिनेश गुर्जर, पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाहा, जिला अध्यक्ष मधु राज तोमर, माकपा नेता ओमप्रकाश श्रीवास, राजवीर धाकड़, ओमप्रकाश शर्मा, हरेंद्र सिंह जादौन और शम्मा कुरैशी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने आंदोलन की सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी और भविष्य में मांगों को लेकर संघर्ष को और मजबूत करने की बात कही।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और कार्यकर्ताओं ने विधायक पंकज उपाध्याय तथा संघर्ष समिति के नेताओं महेश दत्त मिश्रा, अशोक तिवारी और जयराम सिंह धाकड़ का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा