राजगढ़ःतेजा दशमी पर निकली वीर तेजाजी की भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
राजगढ़, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सारंगपुर नगर के गोपालपुरा में सोमवार को तेजा दशमी के अवसर पर जाट समाज की ओर से लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का भव्य चल समारोह निकाला गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ।
शोभायात्रा में समाजजनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में तेजाजी महाराज के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। चल समारोह का गांव में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मालवीय परिवार ने भी शोभायात्रा और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों को साफा बांधकर सम्मानित किया गया।
तेजा दशमी के आयोजन को लेकर रविवार रात भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। इसमें श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते हुए तेजाजी महाराज की भक्ति में लीन रहे। सोमवार को शोभायात्रा के बाद विधि-विधान से तेजाजी महाराज की पूजा-अर्चना की गई। पूजन के बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से जाट समाज ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक एकजुटता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक