अनूपपुर: मछली पकड़ने गया शिक्षक सोन नदी में डूबा, नहीं मिला शव, सुबह फिर होगी तलाश

 




अनूपपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में सोन नदी के दूधिया घाट पर रविवार की शाम मछली पकड़ने गए 40 वर्षीय एक अतिथि शिक्षक डूब गए। अभी तक शव बरामद नहीं किया जा सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर खोजबीन किया रात 8.30 बजे इसे स्थजगित कर दिया सोमवार को पुन: खोज की जायेंगी।

शिक्षक अपने एक साथी के साथ मछली पकड़ने गए थे। साथी ने बताया कि जब शिक्षक महेंद्र चौधरी घाट के एक छोर से दूसरे छोर की ओर लौट रहे थे, तो किनारे से लगभग 10 मीटर पहले उनका पैर किसी चीज में उलझ गया। उन्होंने पैर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।

साथी विजय चौधरी के अनुसार, महेंद्र ने नीचे हाथ डालकर पैर में उलझी चीज को निकालने की कोशिश की, तभी उन्हें पैर में अजगर सांप लपेटा होने का अहसास हुआ। साथी ने तुरंत पानी में उतरकर महेंद्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे डूब चुके थे।

घटना की सूचना मिलने पर जैतहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश शुरू की गई, लेकिन दूधिया घाट पर पानी अधिक होने और ऊबड़-खाबड़ जगह के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने खोजबीन शुरू की किन्तुू रात होने पर इसे रोक दिया सोमवार की सुबह पुन: तलासी अभियान शुरू होगा।

स्कूल में रह रहा अतिथि शिक्षक

जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान महेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। वे शासकीय मॉडल स्कूल लहरपुर मुर्रा गांव में अतिथि शिक्षक थे। महेंद्र चौधरी मूल रूप से शहडोल जिले के निवासी थे, वह स्कूल में ही रह रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला