उज्जैनः भाजपा के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए मुख्यमंत्री

 


उज्जैन, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव गुरूवार ने गुरुवार को उज्जैन नगर जिला भाजपा के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन के आठवे सत्र को संबोधित किया। वे इस वर्ग में जिले के उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक,इस रूप में भी सम्मिलित हुए।

वर्ग में उनके संबोधन सत्र का विषय प्रदेश सरकार की उपलब्धियां था। इस विषय पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा। उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। कृषि, उद्योग, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। मध्य प्रदेश कृषि उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। गेहूं, सोयाबीन और दलहन उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन में महाकाल महालोक और विभिन्न तीर्थ स्थलों का व्यापक विकास किया गया।

उन्होने कहा कि प्रदेश में सडक़, एक्सप्रेस वे और शहरी अधोसंरचना के कार्य तेजी से आगे बढ़ाए गए। निवेश और उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए नई औद्योगिक नीतियां लागू की गईं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े। महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार किया गया। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए संस्थानों एवं सुविधाओं का विकास किया गया। विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प के साथ सरकार गांव, गरीब, किसानए युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में और मजबूत स्थान बनाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल