जबलपुरः खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों का किया निरीक्षण

 


जबलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। होली के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मंगलवार को श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन तथा श्री स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण किया गया।

श्रीराम स्वीट्स से छैना तथा नमकीन के नमूने लिये गये। इस दौरान विक्रय हेतु संग्रहित लगभग 50 किलोग्राम छैना (चमचम) कीट तथा कॉककोच से दूषित होना पाये जाने पर सम्पूर्ण मात्रा को नगरनिगम दल की सहायता से विनष्ट कराया गया । प्रतिष्ठान के मालिक मुकेश तिवारी द्वारा कार्यवाही का निरंतर प्रतिरोध करने के कारण पुलिस बल की सहायता से कार्यवाही पूर्ण की गई।

प्रतिष्ठान पर सिल्वर फॉयल (चांदी वर्क) के स्थान पर अलुमिनियम फॉयल का उपयोग करने के संदेह पर मलाई रोल का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल प्रेषित किया गया । प्रयोगशाला से जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर संबंधित कारोबार कर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत न्यायालयीन कार्यवाही की जायेगी ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक