जबलपुर में मिठाइयों में मिलावट की आशंका, बड़कुल स्वीट्स समेत कई दुकानों से नमूने लिए

 


जबलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में

त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जांच अभियान चलाया। कार्रवाई में मेडिकल क्षेत्र स्थित बड़कुल स्वीट्स समेत कई दुकानों से खोवा, मावा और पेड़े के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शिकायत के आधार पर बड़कुल स्वीट्स का निरीक्षण किया।

त्यौहार के लिए तैयार किए गए पेड़ों में मिलावट की आशंका के चलते यहां से दो नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

विभागीय टीम ने खोवा मंडी क्षेत्र की छह दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंकज खोवा भंडार, जैन खोवा, मोदी खोवा और महावीर दूध भंडार से मावा एवं पेड़े के कुल छह नमूने लिए गए। वहीं, चुंगी नाका स्थित आईटीआई क्षेत्र में पेड़े बेचने वाली चार दुकानों की जांच की गई। इनमें मनीष नेमा पाटन वाले की दुकान से पेड़े का नमूना लिया गया।

खाद्य विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही नमूनों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने मिलावट की जांच के लिए अभियान चलाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक