महिला के आरोपों के बाद स्वामी इंद्रदेव से छीना महामंडलेश्वर का पद, साध्वी हर्षा ने सभी 13 अखाड़ों से कार्रवाई की मांग की
उज्जैन, 13 नवंबर (हि.स.)। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव पर मुंबई की एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अखाड़े ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए महामंडलेश्वर का पद छीन लिया है। महिला ने मीडिया के सामने आकर स्वामी पर यौन शोषण और फोन तथा वीडियो कॉल के माध्यम से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद साध्वी हर्षानंद गिरी (हर्षा रिछारिया) ने सभी 13 अखाड़ों से गंभीर आरोपों का सामना कर रहे संतों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मॉडल से साध्वी बनीं हर्षानंद गिरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि जिस तरह पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने स्वामी इंद्रदेव को पद से हटाने का निर्णय लिया है, उसी तरह अन्य अखाड़ों को भी अपने यहां गंभीर आरोपों से घिरे संतों के मामलों में कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संत समाज में अधर्म, कुकर्म और जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
हर्षानंद ने कहा कि किसी भी अखाड़े का संत गलत आचरण या किसी गंभीर अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो उसे तत्काल संत समाज से बाहर किया जाना चाहिए। इससे समाज और देश में स्पष्ट संदेश जाएगा कि गलत आचरण करने वालों को संत समाज में संरक्षण नहीं मिलेगा। उन्होंने पंचायती अखाड़े की कार्रवाई का स्वागत भी किया।
जानकारी के अनुसार, स्वामी इंद्रदेव का उज्जैन में भूखी माता मंदिर रोड पर आश्रम है। मुंबई निवासी महिला ने उन पर वृंदावन स्थित आश्रम में जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि स्वामी उसे लगातार फोन और वीडियो कॉल कर परेशान करते थे तथा अश्लील बातचीत करते थे। उसने साक्ष्य मिटाने के लिए धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
महिला की शिकायत के बाद स्वामी इंद्रदेव को लेकर संत समाज में सवाल उठने लगे थे। मामले में अखाड़ा परिषद से भी कार्रवाई की मांग की जा रही थी। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र पुरी ने भी अखाड़े की बैठक में इस मामले में कार्रवाई की बात कही थी।
इसके बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने स्वामी इंद्रदेव को महामंडलेश्वर के पद से हटाने का निर्णय लिया। मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। साध्वी हर्षानंद गिरी ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक अखाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सभी 13 अखाड़ों को अपने स्तर पर गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों की जांच कर उचित कदम उठाने चाहिए। वह इससे पहले भी आश्रमों में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठा चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा