सागर: सुरखी में 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन

 


सागर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा सांसद लता वानखेड़े ने 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

यह कार्यक्रम ग्राम सेमरा गोपालमन, चादौनी, करैया और जैसीनगर में आयोजित किया गया। इन विकास परियोजनाओं के तहत ग्रामीण इलाकों में आवागमन, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरखी में हो रहे अभूतपूर्व विकास से कुछ लोगों की राजनीति प्रभावित हुई है, जिसके कारण भ्रम फैलाया जा रहा है। हालांकि, जनता धरातल पर हो रहे कार्यों और लाभ को भली-भांति देख रही है।

मंत्री राजपूत ने आगे कहा कि सड़कें केवल चलने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलाने, विद्यार्थियों को आसानी से स्कूल-कॉलेज पहुंचाने और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने का जरिया बनती हैं।

कार्यक्रम में मौजूद सागर सांसद लता वानखेड़े ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निरंतर प्रयासों से सुरखी विधानसभा में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सांसद ने कहा, मंत्री राजपूत का स्थानीय जनता के साथ पारिवारिक जुड़ाव और अटूट विश्वास ही इस क्षेत्र की प्रगति का मुख्य आधार है। भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियां और स्थानीय नेतृत्व की सोच आज सुरखी के हर गांव में दिखाई दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे