अनूपपुर: सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में लापरवाही पर पर्यवेक्षक निलंबित
अनूपपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कलेक्टर रत्नाकर झा ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने पर शुक्रवार को एक पर्यवेक्षक को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि पर्यवेक्षक मीना शिव ने 35 शिकायतों का निपटारा नहीं किया था।
ज्ञात हो कि 29 अगस्त को जनपद पंचायत जैतहरी क्षेत्र में लगे मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की कलेक्टर ने समीक्षा की थी। जिस दौरान दौरान महिला और बाल विकास परियोजना जैतहरी के सेक्टर फुनगा/गौरेला में कुल 37 शिकायतें लंबित मिली। इन शिकायतों का तय समय में निपटारा नहीं किया गया था। साथ ही, संबंधित सेक्टर की पर्यवेक्षक मीना शिव शिविर में मौजूद नहीं थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रत्नाकर झा ने मीना शिव को तुरंत निलंबित करने के आदेश दिए। मीना शिव महिला और बाल विकास परियोजना जैतहरी के सेक्टर फुनगा/गौरेला में पर्यवेक्षक थीं। उनका मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला और बाल विकास, जिला अनूपपुर कार्यालय तय किया गया है।
निलंबन के दौरान मीना शिव को नियमों के मुताबिक जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर और गंभीरता से निपटारा करें। उन्होंने साफ किया कि जनसमस्याओं के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला