राजगढ़ः बेटे ने फंदा लगाकर दी जान, सदमे में आए पिता ने खाया जहर

 


राजगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के तलावड़ा गांव में सोमवार रात एक 18 वर्षीय युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली, कुछ घंटे बाद उसके पिता की भी मौत हो गई। बेटे की मौत से सदमे में आए पिता द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। मंगलवार सुबह पिता का शव उसी खेत के पास मिला, जहां रात में उनका 18 वर्षीय बेटा रामचंद्र तंवर मृत मिला था। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार रामचंद्र पुत्र कनीराम तंवर सोमवार रात करीब 10 बजे घर से भंडारे में जाने की बात कहकर निकला था। करीब दो घंटे बाद उसका बड़ा भाई मनोज खेत की ओर गया, जहां रामचंद्र पेड़ पर लटका मिला। मनोज ने गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रामचंद्र को खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों को जांच में शामिल किया है। बताया जा रहा है कि रामचंद्र ने घटना से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातें कही गई थीं। पुलिस वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद कनीराम तंवर सदमे में थे। परिजनों के अनुसार बाद में वे खेत की ओर चले गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को उनका शव खेत के पास मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। कनीराम खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वे पत्नी राजूबाई, चार बेटों और पांच बेटियों के साथ रहते थे। रामचंद्र परिवार में सबसे छोटा बेटा था। पुलिस ने दोनों घटनाओं में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक