लेफ्टिनेंट कर्नल अमनदीप सिंह रंधावा का आकस्मिक निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
दतिया, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया के निवासी भारतीय सेना के जांबाज अधिकारी अमनदीप सिंह रंधावा का आकस्मिक निधन हो गया। वे 41 वर्ष के थे और वर्तमान में सूरतगढ़ बॉर्डर पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल रंधावा का पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान लाया गया, जहां परिजनों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शनिवार को उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर-झांसी हाईवे स्थित सखी बाबा मुक्तिधाम, हड़ापहाड़ के पास सैन्य सम्मान के साथ किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। उनके पुत्र सिराज रंधावा ने मुखाग्नि दी। दिवंगत अधिकारी, सेवानिवृत्त कैप्टन गुरदेव सिंह के पुत्र थे।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी सूरज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं 8, 12 और 23 मेकैनाइज्ड यूनिट के अधिकारी, जेसीओ और जवान भी उपस्थित रहे। गार्ड ऑफ ऑनर 12 मेकैनाइज्ड यूनिट के जवानों द्वारा दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा